]
- Hindi News
- National
- Sambalpur MP Dharmendra Pradhan Road Fighter Assertion | Parliament Controversy
कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद प्रधान 27 जुलाई को पहली बार संसद पहुंचे थे।
पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को संसद पहुंचे। संसद परिसर में प्रधान के पहुंचते ही भाजपा और NDA सांसदों की भीड़ उनका स्वागत करने पहुंची। विपक्षी सांसदों ने भी उनसे मुलाकात की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक विपक्षी सांसद ने तंज कसा कि यह पहली बार है, जब किसी मंत्री ने आरोप का सामना किए बिना इस्तीफा दे दिया।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने भी कहा- ऐसा होता रहता है। इस पर धर्मेंद्र प्रधान ने जवाब दिया, “मैं स्ट्रीट फाइटर हूं, एसी कमरों में बैठने वाला एक्टिविस्ट नहीं।”
प्रधान ने 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। कॉकरोच जनता पार्टी ने NEET पेपर लीक केस में उनके इस्तीफे की मांग करते हुए 36 दिन तक जंतर-मंतर पर धरना दिया था।
संसद में धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत की 2 तस्वीरें…

धर्मेद्र प्रधान संसद के मानसून सत्र के लिए पहुंचे। मकर द्वार पर मौजूद भाजपा सांसदों ने उन्हें रिसीव किया।

प्रधान को पारंपरिक टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया गया। NDA सांसदों ने उनके फैसले की सराहना की।
प्रधान का स्वागत करने पर कांग्रेस ने BJP की आलोचना की
कांग्रेस ने सोमवार को संसद भवन परिसर में पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत करने पर BJP की कड़ी आलोचना की। पार्टी ने कहा कि यह पूरी घटना बेहद शर्मनाक है और देश के युवाओं का घोर अपमान है। विपक्षी सांसदों ने “चोर-चोर, पेपर चोर” जैसे नारे भी लगाए।

25 जुलाई को दिया था इस्तीफा, 2 पेज की चिट्ठी लिखी थी
प्रधान ने इस्तीफे को लेकर चिट्ठी पोस्ट की। दो पेज और 575 शब्दों में लिखी इस चिट्ठी में प्रधान ने बाकी बातों के साथ दो जगह युवाओं को भ्रमित करने की बात भी लिखी। चिट्ठी का यह हिस्सा नीचे हाइलाइट किया गया है।


कभी पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उतरे थे धर्मेंद्र, उसी मुद्दे पर इस्तीफा दिया

1997 में पेपर लीक प्रदर्शन में धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल हुए थे। उनको बुरी तरह पीटा गया था। चेहरे पर चोटें भी आईं थीं। -फोटो क्रेडिट:TNIE
29 साल पहले पेपर लीक मुद्दे पर धर्मेन्द्र प्रधान ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। प्रधान के सहयोगी रहे प्रशांत राउत ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि 1997 में ओडिशा में एक पेपर लीक हुआ था, तब प्रधान ने प्रदर्शन किया था। इसमें करीब 1,500 छात्र शामिल हुए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया था। धर्मेंद्र प्रधान को बुरी तरह पीटा गया था। उनके शरीर में कई जगह चोटें आईं और फ्रैक्चर भी हुआ था।
——————————–






