]
![]()
दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नई छात्राओं का स्वागत करने को तैयार है। कॉलेज प्रशासन ने कक्षा 12वीं की छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए ओपन हाउस सत्र और कैंपस टूर का आयोजन किया है। यह सत्र 17-19 जून और 22 जून को आयोजित होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीयूईटी अभ्यर्थियों को मिरांडा हाउस की कार्य संस्कृति, शैक्षणिक वातावरण और छात्र जीवन से परिचित कराना है। प्रतिभागी न केवल कॉलेज की लाइब्रेरी, आधुनिक प्रयोगशालाओं और खेल सुविधाओं को देख सकेंगे, बल्कि कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकों और पूर्व छात्राओं (एलुमनाई) से सीधे संवाद भी कर सकेंगे। प्रश्नोत्तर सत्रों के माध्यम से छात्राएं विभिन्न विषयों और करियर विकल्पों पर विशेषज्ञों की सलाह ले सकेंगी। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा पंजीकरण इस पहल पर मिरांडा हाउस की प्राचार्या प्रो बिजयलक्ष्मी नंदा ने कहा, ओपन हाउस छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए संस्थान को करीब से जानने का एक विशेष अवसर है। हमें युवा प्रतिभाओं का स्वागत करने और उनके शैक्षणिक भविष्य के निर्णयों में मार्गदर्शन देने में बेहद खुशी होगी। पंजीकरण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा। इच्छुक छात्राएं आधिकारिक पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी सीट बुक कर सकती हैं। यह मौका छात्राओं के लिए मिरांडा हाउस की समृद्ध विरासत और आधुनिक शिक्षा प्रणाली को समझने का सबसे बेहतरीन माध्यम है। 17-19 जून और 22 जून को होगा ओपन हाउस एवं कैंपस टूर



