पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर खरखोदा में आयोजित गोष्ठी में बड़ौली ने कहा – नायब सरकार का लक्ष्य गरीब का उत्थान करना है

चंडीगढ़, 26 सितंबर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विजन को मिशन बनाकर काम कर रही है। भाजपा सरकार के लिए अंत्योदय ही सर्वोपरि है। श्री बड़ौली ने कहा कि पंडित दीनदयाल के विचार नायब सरकार के लिए मार्गदर्शक हैं। भाजपा सरकार प्रदेश के गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने खरखौदा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए यह बात कही।
खरखोदा में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके विचारों को याद किया गया। गोष्ठी में एकात्म मानववाद और अंत्योदय के महत्व पर विस्तृत चर्चा हुई। देश की विकास यात्रा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को भी याद किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, संगठन निर्माण और भारतीय संस्कृति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उपाध्याय जी के ’अंत्योदय’ के सिद्धांत ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा को राष्ट्रधर्म का स्वरूप दिया। श्री बड़ौली ने कहा कि उपाध्याय जी की जीवन दृष्टि और विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उन्होंने कहा कि हम सबका कर्तव्य है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, वंचित, किसान, महिला और समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास के केंद्र में रखकर योजनाएं बना रही है। नायब सरकार का लक्ष्य गरीब का उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के तहत अनकों सेवा के कार्य देश व प्रदेश में हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि मोदी और नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन पहुंचाएं और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भागीदार बनें।
श्री बड़ौली ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने गरीब व्यक्ति के जीवन में सुख की कामना करते हुए एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलते हुए हरियाणा की नायब सरकार समाज के अंतिम पंक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी सुधारों के माध्यम से देशवासियों को बड़ी सौगात दी है। इससे छोटे व्यापारियों और कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रद्रेश की महिलाओं को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का उपहार देकर महिलाओं को सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाकर संकल्प पत्र में किए गए वादे को पूरा किया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने आजादी के बाद के खुशहाल और समृद्ध भारत का सपना देखा था। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विकसित भारत के सपने को मोदी और नायब सरकार साकार करने में जुटी है। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





