]
![]()
भोपाल के कटारा हिल्स में रिटायर्ड महिला जज की प्रेग्नेंट बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजन का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना, ताने और दबाव के चलते बेटी ने यह कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा के रूप में की गई है। ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी सामर्थ शर्मा से हुई थी। सामर्थ पेशे से वकील है। ट्विशा का भाई भारतीय सेना में मेजर पद पर पदस्थ है। देर रात भाई को किया फोन, बोली- मुझे ले चलो मृतक के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात ट्विशा ने उन्हें फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने कहा कि उसका पति पिछले करीब 8 दिनों से लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है। छोटी-छोटी बातों पर अपमानित किया जा रहा था और उसका मानसिक उत्पीड़न बढ़ गया था। भाई के मुताबिक, फोन पर ट्विशा काफी परेशान लग रही थी। उसने यह भी बताया था कि वह भोपाल छोड़कर मायके लौटना चाहती है। परिवार के अनुसार, उसने नोएडा वापस आने के लिए रिजर्वेशन तक करा लिया था, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई। सास ने मायके वालों को कॉल से दी मौत की खबर परिजन का आरोप है कि फोन पर बात होने के कुछ समय बाद ही सास का कॉल आया। सास ने बताया कि ट्विशा की मौत हो चुकी है। घर में फांसी लगा लगी है। इसके बाद मायके वाले तुरंत भोपाल पहुंचे। जॉब छोड़ने के बाद नाकारा कहते थे मेजर हर्षित का आरोप है कि शादी के शुरुआती समय तक सब सामान्य था। ट्विशा नौकरी करती थी, लेकिन नौकरी छोड़ने के बाद उसके साथ व्यवहार बदल गया। उसे “नाकारा” कहकर ताने दिए जाते थे। आए दिन परिवार और उसकी परवरिश को लेकर भी अपमानित किया जाता था। परिजन के अनुसार, लगातार अपमान और मानसिक दबाव की वजह से ट्विशा डिप्रेशन में चली गई थी। परिवार का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। अनप्लांड प्रेग्नेंसी को लेकर भी तनाव मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। भाई के मुताबिक, मार्च महीने में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी। परिवार का दावा है कि ट्विशा उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन ससुराल पक्ष उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था। परिजन ने आरोप लगाया कि पति इस बात को लेकर भी उसे ताने देता था। यहां तक कि कथित तौर पर यह तक कहा जाता था कि “बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो।” परिवार का कहना है कि इस तरह की बातें ट्विशा को अंदर से तोड़ रही थीं। घर से सुसाइड नोट नहीं मिला मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा के साथ मारपीट की घटनाएं होती थीं। हालांकि पुलिस को अब तक किसी तरह का लिखित सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर की तलाशी के दौरान भी कोई नोट बरामद नहीं हुआ। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। बुधवार को मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई कटारा हिल्स पुलिस का कहना है कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे किसी तरह की प्रताड़ना या अन्य परिस्थितियां जिम्मेदार हैं। फिलहाल मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिवार के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




