]
- Hindi News
- National
- CJP Stress Group Assertion | Chhatrapati Sambhajinagar Abhijeet Deepke
छत्रपति संभाजीनगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने छत्रपति संभाजीनगर में मीडिया को संबोधित किया।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि CJP फिलहाल राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी। उन्होंने कहा- अभी भारत को एक मजबूत प्रेशर ग्रुप की जरूरत है, इसलिए CJP फिलहाल उसी भूमिका में काम करेगी।
दीपके ने कहा- अगर हम राजनीतिक पार्टी बनाते, तो हमारा आंदोलन सफल नहीं होता। हमारा आंदोलन इसलिए सफल हुआ, क्योंकि अलग-अलग विचारधाराओं और राजनीतिक दलों के लोग लोकतंत्र को कमजोर करने वाली चीजों के खिलाफ एक साथ आए। आज भारत को किसी नई राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि एक मजबूत जन आंदोलन की जरूरत है।
छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि छात्र प्रदर्शनकारियों पर दर्ज FIR वापस कराने की मांग को लेकर सरकार से बातचीत चल रही है। घायल प्रदर्शनकारियों को कानूनी और मेडिकल मदद देने की भी तैयारी की जा रही है। सौरव ने बताया कि सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक संगठन के मेंटर बने रहेंगे और संगठन समय-समय पर उनसे सलाह लेगा।
नीट पेपर लीक के बाद चर्चा में आई थी CJP
अभिजीत दीपके 6 जून को अमेरिका से भारत लौटे थे। उन्होंने नीट-यूजी पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था। इस आंदोलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा दिल्ली पहुंचे थे, जिन्होंने सुधारों की मांग की थी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।
जेन-जी से मिले समर्थन के बाद यह आंदोलन काफी चर्चा में रहा और पिछले हफ्ते धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। CJP का आंदोलन देश के कई शहरों में फैल गया था, लेकिन इस दौरान दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बिहार में प्रदर्शन हिंसक हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने छात्र प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ मामले दर्ज किए थे।





