Ezgif 65Ff46Ec357F06E1 1777743583


]

Ezgif 65Ff46Ec357F06E1 1777743583
AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए पंजाब से राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो FIR दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। यह केस भ्रष्टाचार और महिला के शोषण से जुड़े हुए हैं। कहा जा रहा है कि पाठक पर गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज हुआ है। केस दर्ज होने की खबर सामने आते ही संदीप पाठक दिल्ली स्थित अपने घर के पिछले दरवाजे से निकल गए। दावा किया जा रहा है कि जिस गाड़ी में बैठकर संदीप निकले, वह राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के नाम पर रजिस्टर्ड है। गाड़ी पर नंबर भी जालंधर का है। हालांकि, शनिवार का पूरा दिन गुजरने के बाद भी पंजाब पुलिस, सरकारी प्रवक्ता और AAP के प्रवक्ताओं ने इस FIR को लेकर कुछ नहीं कहा। संदीप पाठक ने भी न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा- मेरे खिलाफ किसी भी FIR की मुझे कोई जानकारी नहीं है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने सांसद संदीप पाठक के दिल्ली स्थित घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी है। यह चर्चा होती रही कि पंजाब पुलिस की 3 से 4 टीमें दिल्ली गई हैं, जिनमें विजिलेंस की टीम भी शामिल है। इस मामले में पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया की भी एंट्री हो गई। उन्होंने चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए कहा- जो भी हो, अगर यह नियमों के अनुसार है तो ठीक है। अगर नहीं, तो हम एक टीम बनाकर इसकी जांच करेंगे। संदीप पाठक से पहले AAP सरकार प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के जरिए पार्टी छोड़ने वाले दूसरे सांसद राजिंदर गुप्ता की ट्राइडेंट फैक्ट्री में भी रेड करा चुकी है। डॉ. संदीप पाठक 25 अप्रैल को राघव चड्ढा और अशोक मित्तल के साथ BJP में शामिल हुए थे। इसके अलावा राघव चड्‌ढा और हरभजन सिंह भज्जी की सिक्योरिटी भी AAP सरकार छीन चुकी है। पार्टी छोड़ने वाले 3 सांसदों पर पहले कार्रवाई कर चुकी AAP सरकार राघव चड्‌ढा की Z+ सिक्योरिटी हटाई: राघव चड्‌ढा ने AAP छोड़ी तो पंजाब सरकार ने उनकी Z+ सिक्योरिटी वापस ले ली। चड्‌ढा को पंजाब पुलिस की तरफ से सिक्योरिटी मिली हुई थी। इसके बाद कुछ देर के लिए दिल्ली पुलिस ने राघव चड्‌ढा को सिक्योरिटी दी। अब उन्हें CRPF से सुरक्षा मिल गई है। हरभजन भज्जी की भी सिक्योरिटी हटाई: पूर्व क्रिकेटर व राज्यसभा सांसद को पंजाब पुलिस की तरफ से Y कैटेगरी की सिक्योरिटी दी गई थी। उनके पार्टी छोड़ने और BJP सांसदों की लिस्ट में नाम शामिल होने के बाद पंजाब पुलिस ने सुरक्षा हटा ली। इसके बाद तुरंत दिल्ली से CRPF के 7 जवान उनके घर पहुंचे। हरभजन ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने केंद्र और पंजाब सरकार से जवाब मांगा कि किस आधार पर सिक्योरिटी हटाई गई? राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर रेड: करीब 5 हजार करोड़ के टर्नओवर वाले ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजिंदर गुप्ता की बरनाला के धौला स्थित फैक्ट्री पर पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (PPCB) ने रेड की। इसके खिलाफ गुप्ता पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चले गए। जिसके बाद कोर्ट ने 4 मई तक गुप्ता पर किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी। छत्तीसगढ़ में जन्म, IIT दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर रहे पाठक एक साधारण किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने वाले संदीप पाठक का जन्म छत्तीसगढ़ में हुआ था। मुंगेली जिले के बटहा गांव में रहने वाले किसान शिवकुमार पाठक के बड़े बेटे संदीप का जन्म 4 अक्टूबर 1979 को हुआ था। परिवार में उनसे छोटे भाई प्रदीप पाठक और बहन प्रतिभा पाठक हैं। संदीप पाठक की शुरुआती पढ़ाई लोरमी क्षेत्र के गांव में ही हुई। इसके बाद वे छठी कक्षा से आगे की पढ़ाई के लिए बिलासपुर आ गए। यहां से उन्होंने विज्ञान विषय में उच्च शिक्षा हासिल की और MSC पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव रिसर्च की ओर बढ़ा इसके बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी, हैदराबाद और नेशनल केमिकल लेबोरेटरी, पुणे से आगे की शिक्षा प्राप्त की। फिर वे हैदराबाद और फिर उच्च अध्ययन के लिए ब्रिटेन चले गए। करीब 6 साल तक ब्रिटेन में रहकर उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से पीएचडी की डिग्री हासिल की। 2016 में उन्होंने आईआईटी दिल्ली में फिजिक्स के असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्य किया। 2016 में AAP जॉइन की, 2022 में सांसद बने साल 2016 में संदीप पाठक ने आम आदमी पार्टी के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा। संगठन और चुनावी रणनीति में उनकी पकड़ जल्द ही पार्टी के भीतर साफ दिखने लगी। खासकर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP को मिली प्रचंड बहुमत वाली जीत के पीछे उनकी रणनीति को अहम कारणों में गिना गया। इस सफलता के बाद पार्टी ने उन्हें अप्रैल 2022 में पंजाब से निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुना। उसी साल दिसंबर में संदीप पाठक को पार्टी का राष्ट्रीय संगठन महासचिव नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उन्हें पार्टी के प्रमुख निर्णय लेने वाले निकाय, यानी राजनीतिक मामलों की समिति का सदस्य भी बनाया गया, जहां से वे संगठन और चुनावी फैसलों में अहम भूमिका निभाते रहे। राघव चड्ढा के साथ बीजेपी में शामिल हुए 25 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राघव चड्ढा ने ऐलान किया कि AAP के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद अब बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। इनमें शामिल नाम- संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता, प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सीधे बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×